हत्या करके फेंके जा रहे शव जिला पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए हैं।
मई में बिचपड़ी गांव में साधु और जून माह में बुटाना माइनर में हुई हत्या की वारदात अब तक अनट्रेस चल रही थी कि गुरुवार सुबह गोहाना के नजदीक कैहल्पा गांव के पास बुटाना माइनर में एक 35 वर्षीय साधु का शव मिला, जिसके शव को बोरी में बंद करके नहर में फेंका गया था।
उसके सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में रखा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गांव कैहल्पा के किसान वीरवार को खेत में गए हुए थे, तभी उन्होंने गांव के पास से गुजर रही बुटाना माइनर में पुलिया के नीचे बोरे में बंधा एक व्यक्ति का शव देखा।
किसानों ने इसकी सूचना गांव के सरपंच रामनिवास को दी। जिससे सरपंच ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो एक व्यक्ति का बोरे में डालकर फेंका गया शव माइनर की पुलिया के नीचे पाइपों में फंसा हुआ है।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव के शरीर पर अनेक जगह चोट के निशान मिले। इसके अलावा शव के गले में साधुओं वाला गले में फटका, फटी हुई कमीज और लंगोट बांधे हुए था। जिससे लगता है कि यह शव किसी साधु का है।
पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहर के सामान्य अस्पताल में रखवा दिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
जांच अधिकारी एसआई श्रीमोहन ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। शरीर के कपड़ों को देखकर वह कोई साधु लग रहा है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव की शिनाख्त शुरू कर दी है।
ये वारदात भी अब तक अनट्रेस
19 मई को गोहाना उपमंडल के गांव बिचपड़ी गांव में डेरे के एक साधु की हत्या कर दी गई। साथ ही डेरे में सारा सामान बिखरा हुआ था। पुलिस को शक था कि किसी ने लूटपाट के इरादे से वारदात अंजाम दी है, लेकिन अभी तक हत्यारे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
12 जून को बुटाना के पास माइनर में एक युवक का शव मिला, जिसके गले पर कट का निशान बना हुआ था। जांच में उसके हाथ पर एनजी लिखा मिला। इसके बावजूद पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार करना तो दूर, शव की शिनाख्त तक नहीं कर सकी।