सोनीपत/खरखौदा। मेयर उप चुनाव और खरखौदा नपा चुनाव के तहत अंतिम दिन नामांकन वापसी और चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। नगर निगम के मेयर उप चुनाव को लेकर किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया। 2 मार्च को पांच प्रत्याशी के बीच चुनाव लड़ा जाएगा। सोनीपत में मुकाबला कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों के बीच होगा। खरखौदा नपा चुनाव के तहत चेयरमैन पद पर एक प्रत्याशी और दो कवरिंग प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिए। अब चेयरमैन पद पर चार प्रत्याशी रह गए हैं। वहीं, पार्षद पद पर 11 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिए।
नगर निगम के मेयर उप चुनाव को लेकर कांग्रेस के प्रत्याशी कमल दिवान को हाथ, भाजपा से राजीव जैन को कमल का फूल, आप से डॉ. कमलेश कुमार सैनी को झाडू, बसपा से धर्मबीर को हाथी और निर्दलीय उम्मीदवार रमेश खत्री को रोड रोलर चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। वहीं, खरखौदा नपा चेयरमैन पद के लिए हीरालाल इंदौरा चुनाव चिह्न कमल का फूल, मैक्सिन ठेकेदार बस, किरण कलम दवात व ममता मेहरा खजूर का पेड़ पर अपना भाग्य आजमाएंगे। अब चुनावी रण में देखने वाली बात यह होगी कि मुकाबला चार प्रत्याशियों के बीच बना रहेगा या फिर त्रिकोणीय होगा या आमने-सामने का हो जाएगा।
डाॅ.ओमवीर राठी ने नामांकन वापस लेकर भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दिया
चुनाव चिह्न आवंटित हो जाने के बाद अब प्रत्याशी खुलकर चुनावी रण में आ गए हैं। खरखौदा नपा में दो महिलाएं और दो पुरुष प्रत्याशी चेयरमैन पद को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। बुधवार को सुबह प्रत्याशी डाॅ. ओमवीर राठी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन उठाते हुए उन्होंने विधायक पवन खरखौदा के कहने पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन देने की बात कही। इसके कुछ देर बाद प्रत्याशी मैक्सिन ठेकेदार की पत्नी रिंपल देवी व प्रत्याशी किरण के पति रिंकेश ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया।
-
शहर के वार्ड 12 में ही इस बार सर्वसम्मति बन पाई, पूनम देवी को निर्विरोध चुना गया है। बुधवार को ही निर्विरोध चुनने पर उन्हें प्रमाण पत्र दे दिया गया है। अब 15 वार्डों में कुल 42 प्रत्याशी पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
वार्ड नंबर पार्षद प्रत्याशी
1 हरिओम, सोनू व दिनेश
2 लक्ष्मी, सोनिया, ज्योति
3 जितेंद्र कुमार, प्रदीप सैनी, नवीन दहिया
4 प्रेम उर्फ लीला, मोहन, जसवीर, सोनू
5 सीमा, सुशीला कुमारी
6 प्रमोद ,ललित, युजवेंद्र खोखर
7 अनूप, सोहन कुमार, रवि कुमार, अनुराधा, महावीर सिंह
8 कृष्ण, श्रीभगवान, रणजीत,
9 संदीप, संजय
10 मीनू, वीणा,
11 सरिता, सोमवती
13 श्याम पाल सैनी, गोपाल, मनीष, पुनीत
14 अंजू देवी, मनीषा रानी
15 अनिल कुमार, कुलवंत
16 मुकेश सैनी व पवन
-
चेयरमैन पद के प्रत्याशी को चुनाव खर्च करने के लिए साढ़े बारह लाख रुपये तक की हिदायत दी गई है। इसमें खर्च का रजिस्टर में नियमित ब्योरा देना होगा। दो उम्मीदवार के खिलाफ अवैध कब्जा करने की शिकायत मिली है। जिसमें जांच के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी आस्था गर्ग को नियुक्त किया है। यदि दोनों उम्मीदवार शपथ पत्र देने के बाद दोषी पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. निर्मल नागर, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम, खरखौदा