संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। बहुद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने मंगलवार को उपमंडल नागरिक अस्पताल में बैठक की। इकी अध्यक्षता जिला संयोजक टेक सिंह दहिया ने करते हुए बताया कि 5 जुलाई को रेवाड़ी स्थित स्वास्थ्य मंत्री के रामपुरा हाउस आवास पर राज्यस्तरीय रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले से बहुद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की भागीदारी शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाएगी। सरकार राज्य कार्यकारिणी की ओर से कई बार मांग उठाने के बावजूद सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। इसी कारण कर्मचारियों ने आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया है।
कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, समान काम-समान वेतन, पदोन्नति, वेतन विसंगति दूर करने, शहरी क्षेत्रों में समाप्त पदों को बहाल करने, भत्तों में बढ़ोतरी और लंबित मामलों के समाधान सहित विभिन्न मांगें उठाईं। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत महिला कर्मचारियों को नियमित करने और सेवा लाभ देने की मांग भी दोहराई गई।