फोटो 07- सोनीपत के खरखौदा के गांव थाना कलां निवासी एवं समुद्री तैराकी में नौ चैनल पार कर विश्व
खरखौदा। गांव थाना कलां के मुकुल दहिया ने समुद्री तैराकी में विश्व रिकाॅर्ड बनाने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए एक फरवरी को अरब सागर में छलांग लगाई थी। 28 फरवरी को मुकुल ने नौंवा चैनल पार करते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। ओपन वार्टर सी स्विमिंग एसोसिएशन (ओडब्ल्यूएसएसए) महाराष्ट्र के तहत मुकुल 28 दिनों में 9 चैनल पार करने के लक्ष्य के साथ तैराकी कर रहे थे, इसमें उन्होंने सफलता हासिल की।
थाना कलां के पूर्व सरपंच एवं मुकुल के पिता बलराम दहिया ने बताया कि उनके बेटे ने 1 फरवरी से इस यात्रा की शुरुआत की थी। पहले चरण में मुंबई में एलिफेंटा से कासा द्वीप तक 16 किलोमीटर की दूरी 5:14 घंटे में तय की। 3 फरवरी को अटल सेतु से प्रांग रीफ तक 17 किलोमीटर की दूरी 3:35 घंटे में तय की। इसके बाद 5 फरवरी को गेटवे आफ इंडिया से मोरा पोर्ट (12 किमी), 12 को अटल सेतु से उरण नागांव बीच (18 किमी), 14 को कासा द्वीप से गेटवे आफ इंडिया (14 किमी), 18 फरवरी को कासा द्वीप से खंडारी द्वीप (18 किमी) की दूरी तय की। वहीं 20 फरवरी को मोरा पोर्ट से मांडवी बीच (17 किमी), 22 को मांडवी बीच से गेटवे आफ इंडिया (15 किमी) की दूरी तय करते हुए 28 फरवरी को धरमतर बंदरगाह से गेटवे आफ इंडिया (36 किमी) तक तैरते हुए इतिहास रचा। मुकुल ने यह रिकाॅर्ड बनाने के बाद कहा कि उन्होंने समुद्र में हर गोता एक स्वर्णिम इतिहास बनाने के लिए लगाया था। शुभचिंतकों के आशीर्वाद से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही मुकुल ने इंग्लिश चैनल तैराकी के लिए भी क्वालीफाई किया। उनकी इस जीत से गांव थाना कलां व परिजनाें में खुशी का माहौल है।