गोहाना। रोहतक-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग -709 पर गांव चिड़ाना के पास सड़क हादसे में फैक्टरी कर्मी की मौत हो गई। कर्मचारी फैक्टरी में काम करने के लिए जा रहा था। जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करने लगा तो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद भाई व चचेरा भाई उन्हें इलाज के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने फैक्टरी कर्मी को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने मामले की शिकायत गोहाना सदर थाना पुलिस को दी।
गांव चिड़ाना निवासी शीशपाल ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा भाई श्रवण गांव स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। शुक्रवार शाम को वह श्रवण व चचेरे भाई सतीश की फैक्टरी के सामने दुकान पर बैठे थे। जब श्रवण फैक्टरी में जाने के लिए हाइवे को पार कर रहा था तो उसी दौरान पानीपत की ओर से तेज रफ्तार में कार आई और उनके भाई को टक्कर मारी दी। जब वह भाई सतीश के साथ दुकान से भागकर श्रवण को संभालने के लिए पहुंचे तो श्रवण लहूलुहान हो चुका था। कार चालक ने अपनी पहचान दिल्ली के गांव कोंडली निवासी वेदप्रकाश के रूप में बताई। वह निजी वाहन से श्रवण को इलाज के लिए बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोहाना सदर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।