सोनीपत स्टेशन से कालका शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव नियमित रूप से किया जाएगा। वहीं, सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि सोनीपत स्टेशन को जल्द 25 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
सांसद रमेश कौशिक व गन्नौर की विधायक निर्मल चौधरी ने वीरवार को सोनीपत स्टेशन पर नई दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस (12011) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आज से सोनीपत स्टेशन से कालका शताब्दी एक्सप्रेस का ठहराव नियमित रूप से किया जाएगा। इस दौरान दैनिक यात्रियों ने शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव पर नाराजगी जताई। उनकी मांग है कि दैनिक यात्रियों को स्वराज व सचखंड एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव की जरूरत है। हिमालय क्वीन व सोनीपत-साहिबाबाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया जाए।
विज्ञापन
स्टेशन को जल्द 25 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा मॉडल : रमेश कौशिक
सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि सोनीपत स्टेशन को जल्द 25 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। पहले की अपेक्षा यात्रियों के लिए बेहतर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। सांसद ने बताया कि कालका शताब्दी एक्सप्रेस के सोनीपत स्टेशन पर ठहराव की कई वर्ष पुरानी मांग पूरी हो गई है। जिससे यात्रियों के लिए चंडीगढ़ का सफर आसान हो जाएगा। सोनीपत-जींद रेल लाइन पर नियमित रूप से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
दैनिक यात्रियों ने कहा स्वराज व सचखंड एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का भी हो ठहराव
सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेनों व अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की यात्रियों की मांग पर भी जल्द विचार किया जाएगा। वहीं सांसद के हरी झंडी दिखाने से पहले दैनिक यात्रियों ने रोष जताते हुए ट्रेनों के समय में लेटलतीफी पर सवाल उठाते हुए ट्रेनों की समय सारणी को सुधारने की मांग की। दीपक कुमार, आर्य सरोहा, धर्मपाल व नरेश कुमार ने बताया कि ट्रेनों के लेट होने का हर्जाना दैनिक यात्रियों को लेट होकर भुगतना पड़ रहा है।