फोटो 20: सोनीपत के नागरिक अस्पताल में हुई बैठक के दौरान जिला सलाहकार समिति के पदाधिकारी व चिकित
सोनीपत। नागरिक अस्पताल में सोमवार को पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में भ्रूण लिंग जांच एवं लिंग चयन पर रोक से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा करना और अधिनियम के तहत किए जा रहे कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
समिति की चेयरपर्सन डॉ. श्रुति ने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाल लिंगानुपात में सुधार के लिए केवल कानून ही नहीं बल्कि समाज में व्यापक जन-जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
समिति के सदस्यों की ओर से जिले में पंजीकृत सोनोग्राफी केंद्रों की स्थिति, नियमित निरीक्षण, रिकॉर्ड संधारण और पूर्व में की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें हरियाणा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के नए पंजीकरण के मामले में समिति के सदस्यों ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने की सलाह दी।
वहीं एक अन्य मामले में संबंधित अस्पताल की ओर से यूएसजी, इको मशीनों को पोर्टेबल करने के लिए दी गई अर्जी को अधिनियम के प्रावधानों के विरुद्ध मानते हुए अस्वीकार कर दिया गया। बैठक में अवैध भ्रूण लिंग जांच पर प्रभावी निगरानी, दोषी पाए जाने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई व जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित करने पर चर्चा की गई।