सोनीपत। गांव हरसाना में पंजाब के गैंगस्टर दीपक मान की हत्या के मामले में पुलिस ने अब मोनू डागर के चचेरे भाई विक्रम को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव रेवली का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं उसके भाई मोनू का रिमांड भी पांच दिन बढ़वाया गया है।
गांव हरसाना के खेत में पंजाब के बंबीहा गैंग के गैंगस्टर पंजाब के जिला फरीदकोट के जैतो मंडी स्थित आंबेडकर नगर निवासी दीपक मान की चार गोली मारकर हत्या की गई थी। 1 अक्तूबर की शाम को उसका शव खेत में मिला था। उसके एक दिन बाद ही गांव सिसाना में नारायण आश्रम के पास रजबहा की पटरी पर स्पेशल एंटी गैंगस्टर गतिविधि यूनिट प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने मामले में आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। मुठभेड़ में गोली लगने से गांव गढ़ी सिसाना निवासी मंजीत उर्फ मटकन, चेतन, ओजस्व घायल हुए थे। ओजस्व मूलरूप से रोहतक के गांव बलंभा का रहने वाला और गांव गढ़ी सिसाना में अपने ननिहाल में रह रहा है। पुलिस ने उनके चौथे साथी जसबीर को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि दीपक मान की हत्या पंजाब जेल में बंद सोनीपत के गांव रेवली निवासी मोनू डागर ने कराई थी। उसकी मंजीत व ओजस्व से पहचान है। पुलिस ने अब उसे प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। अब मामले में षड्यंत्र रचने के मामले में मोनू डागर के चचेरे भाई विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में ओजस्व व चेतन को रिमांड पूरा होने पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।