सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के एक अधिकारी पर लगाए गए सरकारी पैसे के दुरुपयोग करने के मामले में जांच टीम दस्तावेज जुटा रही है।
विश्वविद्यालय के कर्मचारी आनंद कुमार ने उच्चतर शिक्षा विभाग को भेजी शिकायत में एक अधिकारी पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग के गंभीर आरोप हैं। जिसमें गाड़ी का व्यक्तिगत प्रयोग करने के आरोप भी शामिल हैं।
जांच के लिए हरियाणा उच्चतर शिक्षा परिषद के वाइस चेयरमैन डाॅ. केसी शर्मा के नेतृत्व में आई टीम ने अधिकारी की तरफ से महीनेवार गाड़ी के प्रयोग की रिपोर्ट तैयार कर ली है। जिसमें गाड़ी 2500 से 3500 किलोमीटर तक चलाई गई है। गाड़ी के चालक के भी बयान दर्ज किए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने अधिकारी की तरफ से खरीदे गए सामान के बिलों पर भी सवाल उठाए हैं। टीम ने खरीदे गए सामान के बिलों की भी जांच की है। वहीं जहां के बिल हैं, वहां भी जानकारी जुटाई गई है। यही नहीं जिस पेट्रोल पंप से तेल डलवाया गया, वहां पर भी पर्चियों का मिलान कर जानकारी जुटाई जा रही है।