गन्नौर। नगर पालिका की ओर से शहर में बंदरों के आतंक पर नियंत्रण पाने के लिए शुरू किया गया अभियान अब धीमा पड़ता नजर आ रहा है। अभियान की शुरुआत में बंदरों को पकड़ने का कार्य तेज गति से चलाया गया था जिससे बाजारों और रिहायशी इलाकों में लोगों को काफी राहत मिली थी लेकिन अब दोबारा कई मोहल्लों में बंदरों के झुंड दिखाई देने लगे हैं। इससे लोगों की परेशानी होने लगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरुआत में एजेंसी की ओर से लगातार बंदर पकड़े जा रहे थे शहर में उनकी संख्या कम हो गई थी। नगर पालिका की ओर अधिकृत की गई एजेंसी ने बंदरों को पकड़ कर कलेसर के जंगलों में छोड़ा था लेकिन पिछले कुछ दिनों से अभियान की रफ्तार कम हो गई है।
बंदर घरों की छतों, बालकनियों और बाजारों में उत्पात मचा रहे हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बंदरों के डर से छतों पर जाने से भी बच रहे हैं। अब शहरवासी मांग कर रहे हैं कि अभियान को दोबारा तेज किया जाए ताकि लोगों को फिर से राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर पालिका सचिव प्रदीप खर्ब ने कहा कि वह एजेंसी से इस संबंध में जानकारी लेंगे और बंदर पकड़ने के कार्य को गति देने के निर्देश देंगे।