फोटो 19: सोनीपत के गांव जांटी कलां में आयोजित कार्यक्रम में मोहनलाल बड़ौली व अन्य। स्रोत : प्रवक
सोनीपत। दुष्कर्म के मामले की एफआईआर वायरल होने के बाद पहली बार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली जिले में आयोजित कार्यक्रम में सार्वजनिक मंच पर पहुंचे। गांव जांटी कलां में सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद की जयंती पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के साथ ही उन्होंने सूर्य कवि की प्रतिमा स्थापना के लिए की एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
वीरवार को सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद के गांव जांटी कलां में आयोजित 124वीं जयंती समारोह में मोहनलाल बड़ौली बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। हिमाचल के सोलन स्थित कसौली में 13 दिसंबर, 2024 को दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एफआईआर की प्रति वायरल होने के बाद वह पहली बार सोनीपत में सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचे। बतौर मुख्य अतिथि मंच से कहा कि सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद दूरदर्शी काव्य रचनाओं के माध्यम से सदैव अमर रहेंगे। आज भी उनकी रचनाओं को गाया जाता है और खूब पसंद किया जाता है। दादा लख्मीचंद सेवा समिति व ग्रामीणों ने पंडित लख्मीचंद जयंती समारोह का आयोजन किया था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज के रचनाकारों को पंडित लख्मीचंद से बहुत कुछ सीखना चाहिए, जिन्होंने लोकप्रियता के लिए कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया। उनका हर एक शब्द हर एक रचना बेहद महत्वपूर्ण रही है। जांटी का वासी विश्व में कहीं भी जाता है तो उसको अलग पहचान मिलती है। हमारा देश-प्रदेश संस्कारों का वाहक है। सूर्य कवि सरीखी संतात्माओं ने संस्कारों को मजबूती दी है। हरियाणा में हरि का आना हुआ। गायक कलाकार रणबीर बड़वासनी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। भाई विष्णु भी दादा लख्मीचंद की विरासत को संरक्षित करते हुए लोककला को जिंदा रख रहे हैं।इस दौरान निशांत छौक्कर, अशोक भारद्वाज, अरुण चौहान, राजेश मलिकपुर, सरपंच सतीश, विष्णुदत्त, देवदत्त, फूल सिंह नंबरदार, मास्टर रणबीर, रमेश सिंधू, बिजेंद्र पाराशर, राजेंद्र गौतम, जयराम शर्मा, प्रवीण त्यागी, विशाल छौक्कर, दीपक आदि मौजूद रहे।