गन्नौर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कनक ढाबे के निकट अज्ञात युवक दो मजदूरों को दिहाड़ी पर ले जाने के बहाने उनके मोबाइल छीन ले गए। युवक मजदूरों को देवीलाल चौक से खाद के कट्टे उतरवाने के लिए अपने साथ ले गए थे। कनक ढाबे के पास युवक ने अपने साथियों संग मिलकर दोनों मजदूरों के मोबाइल छीन लिए। बिहार के सुपौला जिले के गांव लतहारा निवासी धीरेंद्र ने गन्नौर थाने में शिकायत दी।
उन्होंने बताया कि वह फिलहाल शहीद चौक पर अपने चचेरे भाई संजू के साथ किराये पर रह रहे हैं। वह दोनों दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। 16 सितंबर की शाम वह शहीद चौक पर खडे़ थे। उसी समय एक युवक बाइक पर उनके पास आया और उन्हें कनक ढाबा के पास खाद के कट्टे उतारने की बात कही। जिसके बाद वह युवक के साथ बाइक पर बैठ कर दिहाड़ी के लिए चले गए। युवक उन्हें कनक ढाबे के निकट खाली जगह पर ले गया। जहां तीन-चार युवक और आ गए। उन युवकों ने दोनों के मोबाइल छीन लिए और वहां से भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद