खरखौदा। भाजपा के स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान के तहत विधायक पवन खरखौदा ने शनिवार को झाड़ू उठाकर वार्ड 16 की आरक्षित चौपाल की सफाई की। कार्यकर्ताओं व सफाई कर्मियों के साथ उन्होंने चौपाल में उगी झाड़ियों को काटकर स्वच्छता का संदेश दिया।
विधायक ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। यदि सभी लोग अपने घर, गली और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने का संकल्प लें तो क्षेत्र स्वच्छ एवं सुंदर बन सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने आसपास सफाई रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
विज्ञापन
प्लास्टिक और अन्य गंदगी फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। तभी प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।