सोनीपत। महाविद्यालयों में चल रही दाखिला प्रक्रिया के तहत स्नातक पाठ्यक्रम में दूसरी वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों के पास फीस जमा करवाने का सोमवार को अंतिम मौका रहेगा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार महाविद्यालयों में तीसरी वरीयता सूची जारी नहीं की जाएगी। सीटें रिक्त रहने पर फिजिकल काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें नए विद्यार्थियों को भी मौका दिया जाएगा, इन्हें दाखिले के लिए पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में करीब 13 हजार सीटों पर दाखिले के लिए 30 जून तक आवेदन प्रक्रिया चली थी। इसके बाद पहली वरीयता सूची 05 जुलाई को जारी की गई थी। इसकी दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 12 जुलाई को दूसरी वरीयता सूची जारी की गई, इसमें शामिल विद्यार्थियों को अपना दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए 15 जुलाई तक फीस जमा करवाने का समय दिया गया था। महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि दूसरी वरीयता सूची में बेहद कम विद्यार्थियों को शामिल किया गया था। दूसरी वरीयता सूची की दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भी करीब 50 फीसदी तक सीटें रिक्त रहेंगी। इसके बाद महाविद्यालयों में 17 जुलाई से फिजिकल काउंसिलिंग के माध्यम से दाखिले किए जाएंगे।
नए विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
जिले के अधिकतर महाविद्यालयों में अब तक करीब 50 फीसदी से अधिक सीटें रिक्त हैं। इससे महाविद्यालय प्रबंधन भी चिंतित है और फिजिकल काउंसिलिंग से ही रिक्त सीटें भरने की उम्मीद है। रिक्त सीटें भरने के लिए अब नए विद्यार्थियों को भी मौका दिया जाएगा। इसके लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय 17 जुलाई से दाखिले के लिए फिर से पोर्टल खोलेगा। इसके तहत अब तक आवेदन करने से वंचित रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर दाखिला प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। 17 जुलाई से 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फिजिकल काउंसलिंग के तहत विद्यार्थी महाविद्यालय में दाखिला ले सकेंगे। वहीं 24 जुलाई के बाद दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को प्रतिदिन के हिसाब से 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क वहन करना होगा।
यह रहेगा आगामी शेड्यूल
- पहले व दूसरे चरण में दाखिल से वंचित विद्यार्थियों की फिजिकल काउंसिलिंग : 17 जुुलाई
- नए पंजीकरण के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा : 17 से 30 जुुलाई
- 100 रुपये विलंब शुुल्क सहित फिजिकल काउंसिलिंग : 18 से 24 जुुलाई
- 100 रुपये प्रतिदिन विलंब शुल्क सहित फिजिकल काउंसिलिंग : 25 से 30 जुुलाई
वर्जन
महाविद्यालय में चल रही दाखिला प्रक्रिया में विद्यार्थियों के सामने किसी प्रकार की परेशानी ना आए, इसके लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। वहीं काॅलेज प्रशासन की टीम ऐसे विद्यार्थियों से लगातार संपर्क में हैं, जिनका आवेदन करने के बावजूद पहली दो वरीयता सूची में नाम नहीं आया। ऐसे विद्यार्थियों को ओपन काउंसिलिंग में शामिल किया जाएगा।
- प्रो. दिनेश मदान, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत
वर्जन
महाविद्यालय में दूसरी वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों के पास फीस जमा करवाकर दाखिला सुनिश्चित करने का सोमवार को अंतिम अवसर रहेगा। 17 जुलाई से फिजिकल काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पहली दो वरीयता सूची में स्थान बनाने से वंचित रहे विद्यार्थी ओपन काउंसिलिंग में शामिल होकर दाखिला ले सकते हैं।
- डॉ. संतोष राठी, प्राचार्य, टीकाराम कन्या महाविद्यालय, सोनीपत