कुंडली (सोनीपत)। गांव नाथूपुर स्थित एक ऑटो कंपनी में कार्रवाई करते हुए स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम ने चार-चार किशोरों से काम कराए जाने का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से कंपनी के एचआर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
स्टेट क्राइम ब्रांच के एएसआई जगबीर सिंह ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि 14 अगस्त को सूचना मिली थी कि नाथूपुर ऑटो फैक्टरी में नाबालिगों से काम कराया जा रहा है। टीम ने छापा मारा तो वहां चार नाबालिग काम करते मिले थे। जिनकी उम्र 16-17 साल थी। वे यूपी और बिहार के रहने वाले हैं। किशोरों ने पुलिस को बताया कि उनसे 12 घंटे काम लेकर 8500 रुपये महीना दिए जाते हैं। पुलिस ने मामले में कंपनी के मालिक दीपक मगल व एचआर मैनेजर संदीप कोहली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एएसआई नरेश कुमार ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।