सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को लागू करने को लेकर 19 फरवरी को बैठक बुलाई गई है। इसकी अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा करेंगे। बैठक में प्रदेश के 15 विश्वविद्यालयों के कुलपति भाग लेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विवि प्रशासन ने आठ कमेटियों का गठन किया है।
डीसीआरयूएसटी के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने को लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बैठक लेंगे। जिसमें हरियाणा उच्चतर शिक्षा काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा के अतिरिक्त प्रधान सचिव विनीत गर्ग, तकनीकी शिक्षा महानिदेशक प्रभजोत सिंह, उच्च शिक्षा महानिदेशक राहुल हुड्डा, डीपी भारद्वाज, मुकेश गर्ग, तकनीकी शिक्षा व उपाध्यक्ष प्रो.एसके गखड़ शामिल होंगे।
दो सत्रों में होगा कार्यक्रम
प्रथम सत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के प्रो. राजबीर सिंह, जीजेयू एंड टी हिसार के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई, आईजीयू मीरपुर के कुलपति प्रो. जयप्रकाश यादव, बीपीएस महिला विवि खानपुर कलां की कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा, डाॅ. बीआरएनएनयू राई की कुलपति प्रो. अर्चना मिश्रा, सीआरएसयू जींद के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व जेसी बोस यूनिवर्सिटी फरीदाबाद के कुलपति प्रो. एसके तोमर शामिल होंगे।
दूसरा सत्र : गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसके तोमर, एसवीएसयू पलवल के कुलपति डॉ. राज नेहरू, सुपवा रोहतक के कुलपति गजेंद्र चौहान, एमवीएसयू मुंदरी कैथल के कुलपति प्रो. रमेश चंद्र भारद्वाज, सीबीएलयू भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी, डीसीआरयूएसटी मुरथल के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह व सीडीएलयू सिरसा के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को शामिल किया गया है। इनके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से प्रो. मंजुला चौधरी, हरियाणा उच्च शिक्षा काउंसिल के सलाहकार केके अग्निहोत्री, राधिका प्रजापति व डाॅ. प्रोमिला कंवर दोनों सत्रों में शामिल होंगे।
एनईपी को लागू करने के लिए होगी चर्चा
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने को लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय स्थित प्रशासनिक भवन के कांफ्रेंस हॉल में 19 फरवरी को सुबह 9.30 पर बैठक लेंगे। जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सिफारिशों को लागू करने के लिए हरियाणा में उच्च शिक्षा के लिए तत्काल प्राथमिकता वाले क्षेत्र के बारे में चर्चा की जाएगी। बैठक के सफल आयोजन को लेकर कमेटियां गठित कर दी हैं, साथ ही सभी को तैयारियां समय पूर्व करने के निर्देश दिए हैं।