सोनीपत। जोशी चौहान गांव में सोमवार को पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके पास से 250 बोतल कोडीन फास्फेट युक्त सिरप बरामद किए हैं।
बहालगढ़ थाना के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि सेवली गांव निवासी प्रिंस काफी समय से जोशी चौहान गांव में ओम मेडिकल स्टोर चलाता है। वह प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी करता है। पुलिस को बताया गया कि आरोपी स्टोर संचालक होंडा मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित दवाइयां लेकर खेवड़ा की तरफ से अपने स्टोर पर आ रहा है। पुलिस टीम ने इस पर सीआरपीएफ कैंप के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद खेवड़ा की तरफ से एक मोटरसाइकिल सवार आता हुआ दिखाई दिया। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक वापस जाने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ कर बाइक पर रखी बोरी की सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी (एईटीओ) संदीप पूनिया और औषधि नियंत्रक अधिकारी मुंशी राम की मौजूदगी में तलाशी ली।
प्लास्टिक की बोरी में 250 बोतल लाइकारेक्स-टी सिरप बरामद हुआ। प्रत्येक बोतल 100 मिलीलीटर की थी। जिन पर ट्राइप्रोलिडाइन हाइड्रोक्लोराइड और कोडीन फॉस्फेट सिरप का लेबल लगा था। पुलिस ने बरामद दवाइयों और बाइक को कब्जे में ले लिया। आरोपी प्रिंस के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया है।