गोहाना। खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. एपीएस बत्रा ने कोरोना काल के बीच पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे में संक्रमित होने के बाद से सेहत ठीक न होने का कारण बताया है। प्रदेश सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए गायनी विभाग के इंचार्ज डॉ. महेंद्रु को निदेशक का कार्यभार सौंपा है।
डॉ. एपीएस बत्रा पिछले एक साल से निदेशक का कार्यभार संभाल रहे थे। मेडिकल कॉलेज के डीन व टीचिंग इंचार्ज की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। इस बीच कार्य करते हुए 26 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। संक्रमित होने के बाद वह नौ दिन तक होम आइसोलेशन में रहे थे और पांच दिन आईसीयू में दाखिल होकर इलाज कराया था। हालांकि संक्रमित होने के बावजूद डॉ. एपीएस बत्रा कार्यालय से संबंधित फाइलों को पास कर रहे थे। इसके बाद 13 मई को चिकित्सकों से निगेटिव रिपोर्ट मिलने के बाद वह कार्यालय में आने लगे थे। अब शुक्रवार शाम को उन्होंने प्रदेश सरकार से निदेशक के पद से इस्तीफा देने की पेशकश की। उन्होंने अपने इस्तीफे में सेहत ठीक न होने का कारण बताया। जिस पर सरकार ने उनका इस्तीफा मंजूर करके निदेशक के पद की जिम्मेदारी डॉ. महेंद्रु को सौंपी।
वर्जन
निदेशक का पद संभालने के बाद से प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मरीजों को सुविधाएं मुहैया कराने के लिए हमेशा बेहतर करने का प्रयास किया। अब सेहत ठीक न होने के चलते इस्तीफा दिया है। भविष्य में मरीजों की सुविधाओं के लिए मैं हमेशा तैयार रहूंगा।
- डॉ. एपीएस बत्रा, पूर्व निदेशक