फोटो 12: सोनीपत में खरखौदा के सैनी गढ़ी मोहल्ले में मशीन से पैमाइश करते कर्मचारी। संवाद
खरखौदा। सैनी गढ़ी मोहल्ले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से अवैध घोषित उनके इस क्षेत्र की अब प्रशासनिक पैमाइश शुरू हो गई है। नगर पालिका की देखरेख में तहसील प्रशासन ने वीरवार को पैमाइश का कार्य शुरू किया। इससे यहां के लोगों को जल्द मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी है।
करीब 150 वर्ष पुराने इस मोहल्ले में कुछ वर्ष से विकास कार्य रुके हुए थे। नगर पालिका इसे अवैध क्षेत्र मानकर यहां के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने से इनकार कर रही थी। इसे लेकर मोहल्ले के लोगों ने मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाई थी। इलाके से अवैध का ठप्पा हटाने की मांग की थी। अब एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने नगरपालिका अधिकारियों को आदेश देकर पैमाइश की प्रक्रिया शुरू करवाई है।
अधिकारियों के अनुसार, पैमाइश के आधार पर जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। इसके बाद सरकार इस पर अंतिम निर्णय लेगी कि मोहल्ले के लोगों को मालिकाना हक दिया जाए या नहीं।
प्रदेश सरकार की ओर से 20 वर्ष या उससे ज्यादा समय से सरकारी जमीन पर रहने वाले लोगों के लिए योजना तैयार की गई है। जिसे लेकर सैनी गढ़ी मोहल्ले की पैमाइश करवाई जा रही है। -डाॅ. निर्मल नागर, एसडीएम, खरखौदा।