संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में अंतर महाविद्यालय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में टीआरजी कॉलेज सोनीपत, एमडीयू के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) और एमकेजेके कॉलेज रोहतक की टीमों ने जीत दर्ज की।
विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय पुरुष शतरंज प्रतियोगिता का भी शुभारंभ हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं में विभिन्न कॉलेजों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में टीआरजी कॉलेज, सोनीपत ने जीवीएम कॉलेज, सोनीपत को हराकर जीत के साथ शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में यूटीडी, एमडीयू की टीम ने एसएमएम कॉलेज, पलवल को पराजित किया।
तीसरे मुकाबले में एमकेजेके कॉलेज, रोहतक ने यूटीडी, एमडीयू को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। शुरुआती मैचों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
खेल निदेशक डॉ. कुलताज सिंह ने कहा कि अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर देती हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। इस दौरान अतिरिक्त खेल निदेशक डॉ. विपिन सैनी, डॉ. तेजपाल, डॉ. अजय, बैडमिंटन कोच विजय कुमार सहित अन्य प्रशिक्षक एवं खेल विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।