पीजीआई के नए छात्रावास के लिए आयोजित हवन में आहुति डालते कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल,कुलसचिव डॉ रूप
रोहतक। पीजीआईएमएस में एमबीबीएस व बीडीएस विद्यार्थियों के लिए नए छात्रावास बनाए जाएंगे। शनिवार को नए छात्रावास निर्माण के लिए हवन किया गया। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल समेत अन्य चिकित्सकों ने हवन कुंड में आहुति डालकर सभी के कल्याण की कामना की।
लडकों के छात्रावास के लिए 36.48 करोड़ रुपये व लड़कियों के छात्रावास के लिए 46.98 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। छात्रावासों में एयर कंडीशनर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लड़कों के छात्रावास में 300 व लड़कियों के छात्रावास में 370 कमरे बनाए जाएंगे। प्रत्येक छात्रावास में दो लिफ्ट लगाई जाएंगी। पहली बार छह मंजिला छात्रावास बनाया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि ठेकेदार की ओर से अब पाइल टेस्ट किया जाएगा। टेस्ट पास होने पर यहां हॉस्टल का निर्माण शुरू हो जाएगा।इसके लिए जल्द ही औपचारिक रूप से नींव का पत्थर भी रखवाया जाएगा।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि कंपनी जल्द निर्माण पूरा करे। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, एक्सईएन विजय दलाल, एसडीओ अशोक सिरोहा, संजीव कुमार, नवीन बल्हारा, रमन जोशी, कुणाल छिल्लर, प्रीतम देशवाल, आशीष समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।