सोनीपत। हरियाणा शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट की परीक्षाएं 3 जुलाई से आयोजित की जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से शहर में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को सफलता पूर्वक संपन्न करवाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार जिला में मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित बनाए गए पांच परीक्षा केंद्रों पर 3 जुलाई को कक्षा 12वीं के सभी विषयों पर एक दिन कंपार्टमेंट की परीक्षा होगी। इसके अलावा कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की 4 से 11 जुलाई तक विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा मुख्य तौर पर मुरथल अड्डा स्थित राजकीय विद्यालय में ही आयोजित की जाएंगी।
जिला में 12वीं के 1971 विद्यार्थी देंगे कंपार्टमेंट की परीक्षा
जिला में इस बार कक्षा 12वीं की परीक्षा में करीब 14247 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 11782 विद्यार्थी पास हो गए, 494 विद्यार्थी फेल हो गए। इसके अलावा 1971 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई थी। वहीं ओपन स्कूल परीक्षा में सोनीपत के कुल 526 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 360 विद्यार्थी पास हुए थी। लड़कों का परिणाम जहां 69.78 फीसदी रहा, वहीं लड़कियों का 65.43 प्रतिशत रहा था।
प्रवेश पत्र पर चस्पा फोटा करवाना होगा सत्यापित
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र पर एक रंगीन फोटो चिपकाना होगा। यही नहीं, फोटो को संबंधित स्कूल से सत्यापित भी करवाना होगा। बिना सत्यापित किए गए प्रवेश पत्र को मान्यता नहीं दी जाएगी, ऐसे में विद्यार्थी परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे। शिक्षा बोर्ड की ओर से नकल रोकने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 144 भी लागू की गई है।
वर्जन -
हरियाणा शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं की कंपार्टमेंट की परीक्षाएं 3 जुलाई से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसके लिए जिला में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा सिर्फ एक दिन 3 जुलाई को ही संपन्न हो जाएगी।
नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत