-छठ महापर्व की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बाजारों में सजी पूजन सामग्री की दुकानें
-सब्जी मंडी में कुनिया, डगरा, नारियल और टोकरी की खरीदारी के लिए पहुंचने लगे श्रद्धालु
- पिछले साल के मुकाबले पूजन सामग्री के दामों में करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी
- चार दिन तक शहर में रहेगा उत्सव जैसा माहौल, कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद
फाेटो 25: सोनीपत की सब्जी मंडी में सूप की खरीदारी करती महिला। संवाद
फोटो 26: सोनीपत की सब्जी मंडी में गन्ने की खरीदारी कर ले जाती महिलाएं। संवाद
फोटो 27: सोनीपत की सब्जी मंडी में छठ महापर्व की खरीदारी करते लोग। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दीपावली के बाद अब छठ महापर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत होते ही पूजन सामग्री और फलों की खरीदारी का सिलसिला भी तेज हो गया। श्रद्धालु सब्जी मंडी, शहर के प्रमुख बाजारों और विभिन्न स्थानों पर लगे अस्थायी स्टॉलों से पूजा का सामान खरीद रहे हैं। त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने के कारण फलों के दामों में भी उछाल आया है, लेकिन आस्था के इस पर्व पर महंगाई का असर खरीदारी पर दिखाई नहीं दे रहा।
छठ पर्व की तैयारियों को लेकर बाजारों में नारियल, गन्ना, बांस से बने सूप, टोकरी, डगरा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। महिलाएं पूजा की तैयारियों के साथ बच्चों के लिए नए कपड़े और अपने लिए साड़ियों की खरीदारी भी कर रही हैं। बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो जाती है। कारोबारियों को उम्मीद है कि शनिवार से बाजारों में खरीदारों की भीड़ और बढ़ेगी।
दुकानदार प्रमोद, सुनील और अनिल ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा की सामग्री के दाम पिछले साल की तुलना में करीब 15 फीसदी बढ़े हैं। इसके बावजूद श्रद्धालु जरूरत के अनुसार सामान खरीद रहे हैं। नारियल, केला, सेब, अनार, गन्ना, अमरूद, अनानास, अदरक, सिंघाड़ा और आंवला समेत विभिन्न फलों की मांग बढ़ने लगी है।
कई वस्तुओं के दामों में आया उछाल
दुकानदार नरेश कुमार ने बताया कि छठ पर्व के चलते पूजन सामग्री और फलों की मांग में तेजी आई है। बाजार में नारियल 30 से 50 रुपये प्रति पीस, कुनिया 120 से 150 रुपये, छोटा सूप 180 से 250 रुपये और डगरा 150 रुपये में बिक रहा है। वहीं संतरा 80 से 100 रुपये, सेब 100 से 120 रुपये और अनार 200 से 250 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। अनानास 120 रुपये प्रति पीस, सिंघाड़ा 80 रुपये किलो, गन्ना 40 से 60 रुपये प्रति पीस और केला 80 रुपये दर्जन बिक रहा है। अगले दो दिन में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।