सोनीपत। जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान स्टार प्रचारकों ने भी जमकर वोट मांगे, लेकिन उसके बावजूद भाजपा को ज्यादा सीटों पर जीत नहीं मिल सकी। खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां मोहाना में रैली कर वोट मांगे थे, वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोनीपत में रैली कर कविता जैन के पक्ष में प्रचार किया था, लेकिन यह सीट भाजपा हार गई। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राई क्षेत्र में रैली की थी, जहां भाजपा को जीत मिली है।
विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों का भी खूब बोलबाला रहा। सोनीपत के मोहाना में जहां स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली कर भाजपा के पक्ष में वोट देने को कहा था, वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कैबिनेट मंत्री रहीं कविता जैन के पक्ष में मतदान की अपील की थी। हालांकि न तो पीएम नरेंद्र मोदी की रैली गोहाना और बरोदा को जीत दिल सकी और न ही सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली कविता जैन की नैया को पार लगा सकी। इन सीटों पर भाजपा को फिर से हार का मुंह देखना है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के राई से प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली के पक्ष में जाखौली में जनसभा कर उनके पक्ष में वोट मांगे थे। उनकी राई क्षेत्र में रैली करना मोहनलाल बड़ौली के लिए बेहतर रहा और वह पहली बार राई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का कमल खिलाने में कामयाब रहे।