फोटो 03- सोनीपत के रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय रोल बॉल प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ी मनीत का
- फोटो : संवाद
सोनीपत। 14वीं राष्ट्रीय अंडर-11 रोल बॉल प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता मनीत का रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अंडर -11 रोल बॉल प्रतियोगिता असम के गुवाहाटी स्थित रूद्र सिंह स्टेडियम में 18 से 21 जनवरी तक आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश की टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। मनीत का जिले में लौटने पर रेलवे स्टेशन से लेकर गांव राठधना तक स्वागत जुलूस निकाला गया।
जिला एसोसिएशन के सचिव मनीष नैन ने बताया कि मनीत ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल दिखाया था। मनीत ने प्रतियोगिता के प्रत्येक मुकाबले में प्रदेश की टीम के लिए गोल करके जीत में अहम भूमिका निभाई। मनीत करीब तीन साल से राेल बाॅल खेल का अभ्यास कर रहे हैं। जिला एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष व प्रशिक्षक विनोद चौधरी ने बताया कि रोल बॉल प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों की टीमों ने प्रतिभागिता की थी। इसके फाइनल मुकाबले में प्रदेश की टीम ने मेजबान असम की टीम को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। खिलाड़ी मनीत का जिले में लौटने पर खेल प्रेमियों ने फूल व रुपयों की माला पहनाकर अभिनंदन किया। खेल प्रेमियों ने मनीत काे सनरुफ वाली कार में बैठाकर स्वागत जुलूस निकाला गया।
मनीत के पिता जितेंद्र ने बताया कि बेटे ने प्रतियोगिता के लिए कड़ा अभ्यास किया था। मनीत ने महज 10 साल की आयु में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता है। इससे जिले के साथ परिवार में भी जश्न का माहौल है। उन्होंने बताया कि मनीत गांव स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में अभ्यास करते हैं। प्रदेश रोल बॉल एसोसिएशन एवं रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, प्रिंस मलिक, मुस्कान सैनी, नवीन, कुशल, लक्ष्य, प्रवीण, मोहित, अमित व सिमरन ने खिलाड़ी मनीत को बधाई दी।