फोटो : 13: अपनी शिकायत लेकर एसीपी कार्यालय में पहुंचा मंगलामुखी समाज। संवाद
गन्नौर। मंगलामुखी समाज ने एसीपी कार्यालय पहुंच कर कुछ युवकों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे उनके समाज की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इससे वह असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। इन पर सख्त कार्रवाई कर उनको सुरक्षा दी जाए। जिला प्रधान काजल शिष्या प्रकाशी के नेतृत्व में एक दल एसीपी से मिला और अपनी शिकायत दी।
काजल ने बताया कि सुभाष, प्रियंका सहित आठ लोग बहरूपिया युवकों को मंगलामुखी बनाकर क्षेत्र में बधाइयां मांग रहे हैं। वह अपने गुरुओं द्वारा सौंपी मुख्य गद्दी की जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा रही हैं, लेकिन आरोपी सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
इन लोगों ने पहले भी उन्हें फंसाने के लिए थाना गन्नौर में झूठी शिकायत दी थी, जो जांच में गलत पाई गई। काजल ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों को साथ मिलाकर उनके शिष्यों को धमकाते हैं, बधाई मांगने से रोकते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
एक पक्ष की शिकायत मिली है। वहीं दूसरे पक्ष को भी सुनवाई के लिए बुलाया गया है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद जो भी उचित कार्रवाई होगी वह अमल में लाई जाएगी।
- ऋषिकांत, एसीपी गन्नौर