सोनीपत। प्रयागराज में लगे महाकुंभ मेले में आस्था की डुबकी लगाने के लिए उत्साह चरम पर बना हुआ है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस अड्डे पर प्रयागराज जाने के लिए एडवांस बुकिंग करवाने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने मंगलवार को प्रयागराज के लिए तीन बसें रवाना की। इनमें दो बसों में सीटों की बुकिंग एक दिन पहले ही हो गई थी। रोडवेज अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। प्रयागराज में महाकुंभ मेले का आयोजन 13 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगा। महाकुंभ मेले में आस्था की डुबकी लगाने के लिए करोड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इनमें सोनीपत से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी अधिक है। जिले से प्रयागराज जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली तक दौड़ लगानी पड़ रही थी। प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देते हुए रोडवेज अधिकारियों ने 5 फरवरी को बस अड्डे से सीधी बस सेवा शुरू की थी। शुरुआत में प्रयागराज के लिए एक बस चलाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि दो दिन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाकर तीन कर दी थी। अब यात्रियाें की संख्या बढ़ने पर तीसरी बस भी रवाना की गई है।
एक-एक घंटे के बाद रवाना की गई बसें
सोनीपत बस अड्डे से प्रयागराज जाने वाली बसों को एक-एक घंटे के अंतराल पर रवाना किया गया। मंगलवार को पहली बस सुबह 10 बजे बस अड्डे से रवाना की गई। यह बस मध्यरात्रि करीब एक बजे प्रयागराज पहुंचेगी। दूसरी बस सुबह 11 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुई, यह बस देर रात दो बजे तक प्रयागराज पहुंचेगी। जबकि तीसरी बस दोपहर 12 बजे रवाना की गई, यह बस बुधवार तड़के तीन बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
-
जिले से प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बस अड्डे से मंगलवार को तीन बसें रवाना की गई हैं। अब तक प्रयागराज के लिए दो बसें ही भेजी जा रही थी। यात्रियों की बढ़ती भीड़ व मांग को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाकर तीन कर दिया है। पहली बस 10 से रवाना की गई, उसके एक-एक घंटे के अंतराल पर अन्य दो बसें भेजी गई हैं। यात्री बसों में एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।
- कर्मबीर गहलावत, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत