सोनीपत। महिलाओं के कार्यस्थल पर होने वाले उत्पीड़न एवं अन्य सुरक्षा कानून के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को राजकीय हाईस्कूल मुरथल अड्डा में शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान अधिवक्ता सोनिया ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न एक गंभीर सामाजिक एवं कानूनी समस्या है।
महिलाएं शिक्षण एवं गैर-शिक्षण दोनों जगह कार्य करती हैं और ये भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। उन्होंने स्कूल प्रशासन से आग्रह किया कि वे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए सक्रिय कदम उठाएं और नियमित प्रशिक्षण एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम सुनिश्चित करें।
उन्होंने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निशुल्क पैनल अधिवक्ता प्रदान किया जाता है। जिन व्यक्तियों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है, वह अपने मामलों के लिए निशुल्क पैनल अधिवक्ता की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनीपत का कार्यालय एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय परिसर सोनीपत में स्थित है, जहां प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निशुल्क कानूनी सलाह दी जाती है।