सोनीपत। गांव रोलद के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने गईं स्वास्थ्य विभाग की चार कर्मियों से हथियार के बल पर बाइक सवार दो बदमाश आभूषण लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि उन्होंने इस दौरान हवाई फायर भी किया। बदमाश उनके कानों से बालियां और सोने की चेन छीन ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मोहाना थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर युवकों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दुभेटा पीएचसी में नियुक्त एएनएम सुनीता रविवार को पल्स पोलियो अभियान के तहत गांव रोलद लतीफपुर में दवा पिलाने पहुंची थीं। दोपहर बाद वह रोलद की आशा सुरेंद्र देवी, दर्शना और सहायिका पिंकी के साथ गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां आए। युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। जब तक वह कुछ समझ पाती। युवकों ने उन पर पिस्तौल तान दी। इस दौरान युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायर भी किया, जिसके चलते स्वास्थ्य कर्मी सहम गई। युवकों ने डरा धमका कर उनके कानों की बालियां और एक के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देकर वे फरार हो गए। उनके जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण उस तरफ गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को मामले से अवगत कराया। मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। सूचना पाकर मोहाना थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर युवकों की तलाश की गई। मगर उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
बिना नंबर प्लेट लगी बाइक पर आए थे दोनों युवक
स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले युवक सफेद रंग की आपाचे बाइक पर सवार होकर आए। वारदात को अंजाम देने आए दोनों युवक हरियाणवी भाषा में बातचीत कर रहे थे। उनकी बाइक पर नंबर भी नहीं लिखे थे। दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो पाए। वारदात के बाद वह गांव सरगथल की ओर भाग गए।
नाकेबंदी के बाद भी नहीं लगा सुराग
गांव रोलद लतीफपुर में आंगनबाड़ी केंद्र पर स्वास्थ्यकर्मियों से लूटपाट की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची थी। आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर की तलाश की गई, लेकिन वारदात करने वालों का सुराग नहीं लग सका। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
अजीत सिंह, जांच अधिकारी, थाना मोहाना।