खरखौदा। क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। गांव थाना कला के पास से गुजर रही गुरुग्राम वाटर सप्लाई नहर का निरीक्षण करने के लिए निकले सिंचाई विभाग के जेई की कनपटी पर पिस्तौल अड़ाकर बदमाश बाइक छीन ले गए। इतना ही नहीं उनका मोबाइल फोन छीनकर भी नहर में फेंक दिया। जेई ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से मध्यप्रदेश के खंडगांव फिलहाल झज्जर जिले के बहादुरगढ़ निवासी रवि शंकर दीक्षित ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में जेई के पद पर नियुक्त हैं। उनके पास ककरोई हेड से लेकर निलौठी गांव तक नहर का चार्ज है। शनिवार सुबह वह नहर पर लीकेज का निरीक्षण करने के लिए निकले थे। जांच करते हुए जब वह खरखौदा में पावर हाउस के पास नहर किनारे पहुंचे तो तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने उन्हें भी बाइक पर बैठाने की बात कही। जिस पर उसने कहा यह कहते हुए मना कर दिया कि चार लोग बाइक पर कैसे बैठ सकते हैं। यह सुनकर एक युवक ने पिस्तौल निकाली और उसकी कनपटी पर लगा दी। साथ ही धमकी दी कि उसके पास जो कुछ भी है उन्हें दे दे। जिस पर वह बाइक से नीचे उतर गया। इसके बाद बदमाशों ने उसका मोबाइल छीना और नहर में फेंक दिया। जेई रवि शंकर का कहना है कि वह कुछ कर पाता इससे पहले ही तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर सोनीपत की तरफ भाग गए। जिसके बाद जेई ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जेई की शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।