फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले को 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में छूट मिलेगी, नया केस नहीं मिलने से राहत

विज्ञापन
देवीलाल चौक पर लगाए गए नाके पर पुलिस के लिए लगाए गए टैंट में ड्यूटी देते पुलिसकर्मी। - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
अंकित चौहान
विज्ञापन

सोनीपत। जिले के लिए राहत वाली खबर है, क्योंकि 20 अप्रैल के बाद से लॉकडाउन में कुछ छूट मिलेगी। इसका सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है कि जिले में फिलहाल कोई नया केस नहीं मिला है और यहां प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी मेहनत करके हालात पर काबू किया हुआ है। जिसमें सबसे अहम जमात से जुड़े लोगों को तलाशकर क्वारंटीन करने के साथ ही कोरोना पॉजिटिव मामले मिलने वाली जगहों को समय पर सील कराया गया है। इस कारण ही 20 अप्रैल से लॉकडाउन में कुछ छूट की बात कही जा रही है, लेकिन इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व भवन निर्माण के साथ ही मनरेगा के तहत होने वाले कार्य सबसे पहले शुरू होंगे। इनके अलावा भी कुछ अन्य कार्यों में छूट मिलेगी, जिसके लिए सरकार के निर्देशों पर डीसी की ओर से आदेश जारी किए जाएंगे। यह जरूर साफ किया जाएगा कि लॉकडाउन में छूट नियमों के तहत रहेगी और हर किसी को कोरोना से बचाव के लिए जारी किए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
जिले में सबसे पहला केस मार्च में आया था, जब यूके से लौटी छात्रा कोरोना पॉजिटिव मिली थी। उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया तो वहां उपचार के बाद वह ठीक होकर घर लौट आई थी, जिससे जिला कोरोना मुक्त हो गया था। लेकिन उसके बाद हरियाणा पुलिस के एसआई की दिल्ली के महाराजा अग्रसेन अस्पताल में मौत हो गई थी, जिसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। एसआई की देखरेख के लिए वहां रहने वाला बेटा भी कोरोना पॉजिटिव मिला तो फरीदाबाद में तैनात एमपीएचडब्ल्यू भी कोरोना पॉजिटिव मिला। इनके बाद बख्तावरपुर का साइकिल मिस्त्री भी यूपी में जमात से लौटने के बाद कोरोना पॉजिटिव हुआ था तो मदरसे में पढ़ने वाला एक छात्र भी कोरोना पॉजिटिव मिला था। इनमें से एमपीएचडब्ल्यू व बख्तावरपुर के जमाती की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है और जिले में नया केस नहीं मिलने से राहत है। इसको देखते हुए ही प्रशासन ने तय किया है कि 20 अप्रैल से जिले में लॉकडाउन में राहत दी जाएगी। लेकिन यह राहत आम लोगों के घरों से बाहर घूमने के लिए नहीं होगी, बल्कि मनरेगा, निर्माण कार्य, ग्रामीण लघु उद्योग आदि के लिए होगी। जिससे काफी मजदूरों को राहत मिलने की उम्मीद है और उनकी काफी समस्या खत्म हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

--
इन कार्यों में राहत मिलेगी
-मनरेगा के तहत कार्य शुरू होंगे, जिससे लोगों को काम मिल सके
-सिंचाई एवं जल संरक्षण के कार्य
-ग्रामीण क्षेत्र के लघु उद्योग में कार्य
-सड़क व भवन निर्माण कार्य
-कृषि संबंधी काफी कार्य शामिल किए जाएंगे
-अन्य कार्य 20 अप्रैल तक स्थिति को देखते हुए शुरू कराए जाएंगे
--
लॉकडाउन में 20 अप्रैल के बाद कुछ राहत दी जाएगी, जिनमें मनरेगा के साथ ही सड़क एवं भवन निर्माण, कृषि संबंधी कुछ अन्य कार्य होंगे तो उसी समय स्थिति को देखते हुए भी अन्य कार्य राहत की लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। उनके साथ ही यह साफ कर दिया जाएगा कि कोरोना से बचाव के सभी निर्देश हाथ धोना, सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन आदि का पालन जरूर किया जाएगा।
-डॉ. अंशज सिंह, डीसी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें