फोटो 07: सोनीपत के मुरथल जीटी रोड पर खुला शराब ठेका। संवाद
- फोटो : स्वयं
सोनीपत। नेशनल हाईवे पर पहले की तरह शराब की दुकानें खुली रहेंगी। निकाय क्षेत्र में होने के चलते सरकार ने इनको खोलने की अनुमति दी है। निकाय क्षेत्र के बाहर शराब ठेके नेशनल हाईवे से 220 मीटर अंदर खोले जाएंगे।
इस बार आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से दो साल के लिए शराब ठेके खोलने के लिए टेंडर आवंटित किए जाएंगे। आबकारी वर्ष 12 जून 2025 से लेकर 31 मार्च 2027 तक निर्धारित किया गया है। पहले की तरह 74 जोन निर्धारित कर 148 शराब ठेके खोले जाएंगे।
देसी और अंग्रेजी शराब पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। वर्ष 2025-27 के दौरान बिकने वाली शराब महंगी होगी। 750 एमएल देसी शराब 175 के बजाय 190 रुपये, देसी शराब अद्धा 105 के बजाय 120 रुपये और देसी शराब पव्वा 60 के बजाय 70 रुपये में मिलेगा। इस बार नई आबकारी नीति 12 जून से लागू होकर 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगी।
बैंक्वेट हॉल में शराब परोसना आठ गुना महंगा : बैंक्वेट हॉल में शराब परोसना महंगा हो गया है। अब बैंक्वेट हॉल संचालक को चार लाख रुपये फीस जमा कराकर लाइसेंस लेना पड़ेगा। पहले संचालक को लाइसेंस लेने के लिए 50 हजार रुपये फीस जमा करानी पड़ती थी। संवाद