सोनीपत। मेक इन इंडिया के साथ मेक इन हरियाणा का सपना भी साकार होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर 10 जिलों में आईएमटी स्थापित करेगी। खरखौदा में मारुति जो गाड़ियां बना रही है उन्हें गति यूनो मिंडा में बनने वाले व्हील देंगे। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार दोपहर बाद खरखौदा में निर्माणाधीन मारुति प्लांट के प्रगति कार्य की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत की नींव मजबूत करने के लिए राज्य सरकार हर कदम पर उद्यमियों के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और विकसित भारत के संकल्प को आईएमटी खरखौदा जैसे प्रस्ताव पूरा करने की तरफ ले जा रहे हैं। प्रदेश सरकार उद्यमियों को ऑनलाइन आवेदन करने पर एनओसी सिंगल विंडो के माध्यम से 15 दिन में जारी करेगी। अड़चन आने पर उसे दूर कर 30 दिन में जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि दुनिया का सबसे बड़ा कार उत्पादन प्लांट खरखौदा आईएमटी में स्थापित होने जा रहा है। प्लांट के पूरा होने पर एक साल में ही दस लाख कारों का उत्पादन हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का शुभारंभ करने, यमुनानगर में 800 मेगावाट सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट का शिलान्यास करने और भिवानी में पंडित नेकीराम मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के आगमन से प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।
सीएम ने कहा कि अर्थव्यवस्था को और तेज गति देने के लिए भविष्य में पावर की जरूरत होगी। इसके लिए सरकार सोलर ऊर्जा, कोयला आधारित और परमाणु संयंत्र से बिजली उत्पादन को बढ़ाने पर फोकस कर रही है। प्रधानमंत्री ने 10 वर्षों में सड़क मार्गों, बिजली उत्पादन और व्यवस्था परिवर्तन पर विशेष ध्यान दिया है।
इससे पहले मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ हिषाशी टोकेयूची ने खरखौदा में निर्माणाधीन मारुति प्लांट में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तत्परता के साथ सभी सुविधा मिल रही है, जिसकी बदौलत मारुति सुजुकी आईएमटी खरखौदा में दुनिया का सबसे बड़ा कार उत्पादन प्लांट रिकॉर्ड समय में स्थापित करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने आईएमटी में स्थापित हो रही यूनो मिंडा ग्रुप की कंपनी का भी दौरा किया।
इस दौरान उनके साथ उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, विधायक पवन खरखौदा, कृष्णा गहलावत, निखिल मदान, नगर निगम मेयर राजीव जैन, भाजपा नेता माईराम कौशिक, सोनीपत जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक मौजूद रहे।