गन्नौर। जीटी रोड पर बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 के गेट के पास शुक्रवार को रिफाइंड से भरा ट्रक पलट गया। हादसा ट्रक का एक्सल टूटने से हुआ। एक्सल टूटते ही दोनों अगले पहिए अलग हो गए और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इससे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रक चालक गुरमीत ने बताया कि वह राजस्थान के अलवर से रिफाइंड लेकर पंजाब के मोहाली जा रहे थे। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का अगला एक्सल टूट गया। भारी वजन होने के कारण ट्रक संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे के समय सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने समय रहते अपने वाहन रोक लिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।