सोनीपत। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने महाविद्यालयों में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की सभी कक्षाओं में रिक्त सीटों को देखते हुए एक बार फिर पोर्टल खोल दिया है। इससे महाविद्यालय प्रबंधन व विद्यार्थियों ने राहत महसूस की है। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 30 अगस्त तक अपने दस्तावेज सत्यापित करवाते हुए निर्धारित फीस जमा करवाकर दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं। अब तक किन्हीं कारणों से आवेदन करने से वंचित रहे विद्यार्थी भी योजना का लाभ उठा सकते हैं।
महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रम में चल रही दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भी अधिकतर महाविद्यालयों में करीब 50 फीसदी सीटें रिक्त रह गई थी। इसने महाविद्यालय प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी थी। प्रबंधन उच्चतर शिक्षा निदेशालय से रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए एक बार फिर पोर्टल खोलने की मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को पोर्टल खोल दिया। हालांकि पोर्टल खुलने की जानकारी नहीं मिलने के कारण अधिकतर महाविद्यालयों में दाखिले के लिए विद्यार्थी ही नहीं पहुंचे।
स्नातकोत्तर के लिए भी बढ़ाई तिथि
महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिले का प्रक्रिया चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित थी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इस तिथि को भी बढ़ाकर 30 अगस्त कर दिया है। ऐसे में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के सभी कक्षाओं के विद्यार्थी अब 30 अगस्त तक महाविद्यालयों में पहुंचकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकते हैं।
पोर्टल पर नहीं अपडेट
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए दोबारा शुरू की गई दाखिला प्रक्रिया में कुछ प्राध्यापकों ने खामियां बताई हैं। प्राध्यापकों का कहना है कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने भले ही विद्यार्थियों को राहत देते हुए एक बार फिर पोर्टल खोल दिया है, लेकिन इसके बारे में विद्यार्थियों को कोई जानकारी नहीं है। विद्यार्थी ही नहीं अधिकतर प्रोफेसर भी इससे अनभिज्ञ हैं। पोर्टल पर इस संबंध में कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। यही कारण रहा कि पोर्टल खुलने के बाद भी पहले दिन कोई विद्यार्थी दाखिला लेने नहीं पहुंचा।
महाविद्यालयों में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने बुधवार से फिर पोर्टल खोल दिया है। अब तक दाखिले से वंचित रहे यूजी व पीजी के सभी कक्षाओं के विद्यार्थी 30 अगस्त तक दाखिला ले सकते हैं।
- प्रो. दिनेश मदान, प्राचार्य, हिंदू महाविद्यालय, सोनीपत