गन्नौर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार को थाना गन्नौर व खंड पंचायत एवं पंचायत विभाग कार्यालय में लार्वा की जांच की। जांच में थाना परिसर में रखी पानी की टंकियों से ढक्कन गायब मिले और पानी में लार्वा भी मिला।
इस पर स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश, एमपीएचडब्ल्यू जितेंद्र राणा, श्रीभगवान ने गन्नौर थाने में कीटनाशक दवा का छिड़काव करवाकर टंकियों को खाली करवाया। टीम ने चेतावनी दी कि वे टंकियों की समय-समय पर सफाई करते रहें, यदि लार्वा फिर से मिलता है तो थाना गन्नौर में नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं खंड विकास एवं पंचायत विभाग में स्थिति संतोषजनक मिली।
एमपीएचडब्ल्यू जितेंद्र राणा ने बताया कि बरसात के मौसम में पानी जमा हो जाता है। जिससे मलेरिया व डेंगू का लार्वा पनपता है। इसका मुख्य कारण कई दिनों तक सफाई न करना है। उन्होंने अपील की कि डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए पानी जमा नहीं होने दें और पानी की टंकियों व कूलरों की नियमित सफाई रखें।