गन्नौर। खाप पंचायतें सहमति संबंध, सगोत्र विवाह और बिना सहमति विवाह पर सख्ती का रुख अपनाएंगी। यह फैसला रविवार को गन्नौर के रेलवे रोड स्थित चिराग गार्डन में हुई सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन में लिया गया। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज को बचाना है तो परंपराओं का सम्मान जरूरी है।
सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन में पारंपरिक वेशभूषा में सजे खाप प्रतिनिधियों की मौजूदगी से माहौल अनुशासन और गंभीरता से भरा हुआ दिखाई दिया। महापंचायत में सहमति संबंध, सगोत्र विवाह, नजदीकी गांवों में शादी, माता-पिता की सहमति के बिना विवाह और समलैंगिक विवाह जैसे विषयों पर लंबी चर्चा हुई।
प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि समाज से इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए खापें अपने स्तर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान शुरू करेंगी। साथ ही सरकार से कानून में संशोधन करने की औपचारिक मांग की जाएगी।
नेताओं ने माना खापों के प्रभाव में कमी से फैल रहीं कुप्रथाएं
खाप नेताओं ने माना कि समय के साथ खापों के प्रभाव में कमी आने से समाज में यह कुप्रथाएं तेजी से फैल रही हैं। अब खापें एकजुट होकर अपने वर्चस्व को दोबारा स्थापित करेंगी। समाज को संस्कारों और परंपराओं की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास करेंगी। दहिया खाप से सुरेंद्र दहिया ने कहा कि समाज की शुद्धता बनाए रखने के लिए खापें पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगी।
गोयत खाप के धर्मवीर गोयत ने कहा कि सहमति संबंध और समलैंगिक विवाह जैसी व्यवस्थाएं हमारी संस्कृति के विपरीत हैं। आने वाले दिनों में इस विषय पर सरकार से औपचारिक बातचीत होगी।
विधायक राजकुमार गौतम की पहल का असर
महापंचायत ने माना कि यह पहल हरियाणा विधानसभा में विधायक राजकुमार गौतम की तरफ से हाल ही में उठाए गए उस मुद्दे का प्रत्यक्ष प्रभाव है जिसमें उन्होंने माता-पिता की सहमति के बिना विवाह पर रोक लगाने की मांग की थी। इसे लेकर खापें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से भी मिलेंगी।
शिरकत करने वाले प्रमुख प्रतिनिधि
सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए खापों के प्रतिनिधियों ने समाज सुधार की इस मुहिम को मजबूती दी। इनमें राजेंद्र खत्री (जटवाड़ा 360), रणधीर सरोहा (सरोहा खाप), कुलदीप मलिक (गठवाला खाप), रघुबीर नैन (बिनैन खाप), सूबे सिंह समैण (सर्वजातीय सर्वखाप प्रवक्ता), कैप्टन भीम सिंह (जाटू खाप 84), हरदीप अहलावत (रोहतक खाप 84), जयसिंह अहलावत (अहलावत खाप), ओमप्रकाश नांदल (नांदल खाप), रणबीर राठी (राठी खाप), बलबीर चहल (चहल खाप), रामकुमार सोलंकी (पालम 360), कंवर सिंह (झज्जर 360), महेंद्र ठाकरान (झाड़सा खाप) सहित राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब से आए खाप प्रधान व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पारंपरिक धोती-कुर्ता पहने नौजवानों ने आयोजन को विशेष बनाया
कार्यक्रम के दौरान जब लववंशीय लौर खत्री खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सम्मेलन के व्यवस्थापक सुरेंद्र खत्री मंच पर पहुंचे तो जन समूह ने तालियों से उनका स्वागत किया। मंच संचालन गठवाला खाप के राष्ट्रीय महासचिव अशोक मदीना ने किया। सम्मेलन स्थल पर ग्रामीणों और प्रतिनिधियों का हुजूम दूर-दराज के इलाकों से पहुंचा। पारंपरिक पगड़ी और धोती-कुर्ता पहने बुजुर्ग और नौजवानों की भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। मंच के आसपास बैनर और नारे लिखे थे कि संस्कार बचाओ, समाज बचाओ और परंपरा हमारी शान है।
फोटो :22: सोनीपत के गन्नौर में आयोजित सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन में व्यवस्थापक लववंशीय लौर खत्र
फोटो :22: सोनीपत के गन्नौर में आयोजित सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन में व्यवस्थापक लववंशीय लौर खत्र
फोटो :22: सोनीपत के गन्नौर में आयोजित सर्वखाप पंचायत महासम्मेलन में व्यवस्थापक लववंशीय लौर खत्र