सोनीपत। अन्याय के विरुद्ध न्याय युद्ध मंच के संयोजक देवेंद्र गौतम ने सोमवार को नागरिक अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पानी से भरे टब में डूबने के बाद पीजीआई रोहतक और सिविल अस्पताल सोनीपत की लापरवाही से जान गंवाने वाली मासूम बच्ची की मौत के बाद पीड़ित परिवार को 16 दिन बीतने पर भी न्याय नहीं मिला है।
देवेंद्र गौतम सोमवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया जा रहा है। उप अधीक्षक रहते हुए एक अधिकारी पर अनियमितताओं के आरोप हैं, जिसकी जांच में पुष्टि भी हो चुकी है, मगर उन्हें दोबारा पद पर बुलाया गया है।
उन्होंने कहा कि चिकित्क बाहर की महंगी दवाइयां लिख रहे हैं। इससे मरीजों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। देवेंद्र गौतम ने कहा कि अस्पतालों में जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को बाहर से दवाइयां लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वहीं, कुछ चिकित्सकों को सिफारिशों के दम पर मनचाही पोस्टिंग मिल रही है, जिससे अस्पतालों में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि दोषी अधिकारियों व डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई हो। इस दौरान दीपक चुघ, अशोक, हिमांशु, शेर मुहम्मद, योगेश पाल, सत्तार, आमीन भी मौजूद रहे।