सोनीपत। उपायुक्त सुशील सारवान ने सोमवार को लघु सचिवालय में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन नीति को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वह सड़क दुर्घटना को रोकने पर विशेष ध्यान दें। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वह सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दे। बैठक के दौरान मेयर राजीव जैन व जिला परिषद की अध्यक्ष मोनिका दहिया भी साथ रहें।
उपायुक्त ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह जीटी रोड पर लगाए गए सीमेंट के अवरोधकों को तुरंत हटवाएं। अन्य जरूरी व्यवस्था करें। उन्होंने बताया कि सीमेंट के अवरोधक जो सर्विस रोड व मुख्य जीटी रोड के बीच लगाए गए हैं, उनको जल्दी से हटवाया जाए। सभी जरूरी ब्लाइंड स्पाॅट पर कैट आई व साइन बोर्ड लगवाए जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सकें। एनएच 44 के साथ बने ड्रेन की साफ-सफाई का भी ध्यान रखें।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यातयात पुलिस की ओर से मई माह में 8719 वाहनों के चालान किए गए व 219 चालान आरटीए की तरफ से किए गए।
चालान की सूची
हाई स्पीड वाहन 5334
बिना हेलमेट 1495
बिना सीट बेल्ट 496
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चालना 14
शराब पीकर वाहन चलाना 261
नाबालिग की ओर से वाहन चलाना 14
गलत साइड वाहन चलाना 1105
उपायुक्त ने सभी ट्रेफिक के एसएचओ को निर्देश दिए वह यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐसे ही कार्य करते हुए चालान करें। उन्होंने आदेश दिए कि सोनीपत शहर में यातायात नियमों की एडवाईजरी जारी कर अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी दी जाए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए की वो ओवरलोडिंग वाहनों की जांच कर उनके चालान करें।
सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत उपायुक्त ने सभी एसडीएम और आरटीओ अधिकारियों को निर्देश दिए की वो अधिक से अधिक स्कूल बसों की जांच करें व नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर चालान करें। बसों की जांच के दौरान अधिकारी बस में सीसीटीवी की जांच अवश्य करें व रिकॉर्डिंग अवश्य देखे। उन्होंने बताया कि मई माह में 27 बसों की जांच की गई जिसमें से बसों में कमी पाए जाने पर दो चालान भी किए गए।