फोटो :09: अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव-2026 के तहत कुरुक्षेत्र के पिहोवा में आयोजित सरस मेले म
सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव-2026 के तहत कुरुक्षेत्र के पिहोवा में आयोजित सरस मेले में हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय जाखौली की छात्रा जोगिता ने तीसरा स्थान हासिल किया। जोगिता को प्रमाणपत्र के साथ 5 हजार रुपये प्रदान किए गए।
महाविद्यालय प्रभारी किरण चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता 19 से 23 जनवरी तक वसंत पंचमी पर आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले प्रतिभागियों ने अपने-अपने जिलों में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
जोगिता ने भी शहीद दलबीर सिंह राजकीय महाविद्यालय, खरखौदा में आयोजित जिलास्तरीय सरस्वती प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी।
जोगिता की उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. तराना नेगी तथा प्रभारी किरण चौहान ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जोगिता ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता प्राप्त किया।
महाविद्यालय प्रभारी किरण चौहान ने बताया कि यह राजकीय महाविद्यालय वर्ष 2023 में स्थापित हुआ है। विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि जोगिता की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. अरुण कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, विकास, आमिर, अंकित ने बधाई दी।