संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव दहिसरा में चोरों ने दिनदहाड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पीड़ित महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर चोरी का शक जताया है।
दहिसरा निवासी पिंकी ने कुंडली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके माता-पिता किसी काम से कंपनी गए हुए थे और वह घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे तीन युवक घर में घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
पिंकी ने चोरी का आरोप गांव के ही तीन युवकों पर लगाया है। उसका कहना है कि वारदात के बाद तीनों युवक गांव से भाग गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने चोरी के बाद सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट साझा की हैं, जिनसे उनके बेखौफ होने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।