गोहाना। गांव रूखी खास में जोहड़ की चहारदीवारी के निर्माण में निम्न ईंटों के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया। उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासन से की है। गोहाना ब्लॉक के बीडीपीओ डॉ. परमजीत ने निर्माण कार्य रुकवा कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जोहड़ की दीवार और नालों को पक्का करने के नाम पर खराब ईंटों को लगाया जा रहा है। यदि इसी तरह निर्माण किया गया तो दीवार कुछ ही समय में गिर जाएगी। इससे सरकारी धन की बर्बादी होगी।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों और पंचायत की ओर से पर्याप्त निगरानी नहीं की गई। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया जिसके कारण उन्हें शिकायत करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीण महाबीर सिंह मलिक ने कहा कि ऐसी ईंटों से बनी दीवार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी। शिकायत के बाद बीडीपीओ डॉ. परमजीत ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया है। साथ ही निर्माण कार्य की जांच कराने का आश्वासन दिया।