डेयरी संचालक जटवाड़ा निवासी के घर से चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण, नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जटवाड़ा निवासी विक्रम ने पुलिस को बताया कि वह डेयरी चलाता है। 11 जनवरी की रात को वह तथा उसका भाई विशाल अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। 12 जनवरी को जब उसकी पत्नी सुबह उठकर दूसरे कमरे में गई तो वहां रखी अलमारी के कपड़े बिखरे मिले। अलमारी का लॉक खुला था। अलमारी की जांच करने पर उसमें से सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पाजेब व 45 हजार रुपये चोरी मिले। उसका मोबाइल फोन भी गायब मिला। उसने बताया कि अलमारी व घर के सभी ताले ठीक थे। किसी को तोड़ा नहीं गया था। साथ ही दूसरी अलमारी में रखे 20 हजार रुपये भी सुरक्षित थे। उन्होंने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन सुराग नहीं लगा। जिस पर अब सिविल लाइन थाना की ओल्ड चौकी पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल सकती है। सिविल लाइन थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर सवित कुमार ने कहा कि जटवाड़ा के रहने वाले डेयरी संचालक ने चोरी की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों का पता लगाकर जल्द मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।