सोनीपत। शहर की दहिया कॉलोनी में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण व अन्य सामान चोरी कर लिया। करनाल में रह रहे मकान मालिक को जब चोरी का पता लगा तो उन्होंने शहर थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से यूपी के जिला गोरखपुर के गांव राजपुर टोला निवासी ठाकुर हरिराम ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उसने सोनीपत की दहिया कॉलोनी में मकान ले रखा है। वह फिलहाल करनाल में नौकरी करता है और महीना में एक-दो बार सोनीपत के मकान में आता है। उसे 24 दिसंबर को पड़ोसी ने बताया कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। जिस पर वह करनाल से सोनीपत आया और जांच की। उसने देखा कि चोर उसके बंद घर का ताला तोड़कर एक एलसीडी, सोने की चेन, सोने की दो अंगूठी, सिलिंडर व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। उसने आसपास पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर सिटी थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद अब चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।