विजिलेंस टीम की गिरफ्त में आरोपी जेई राहुल। संवाद
- फोटो : Sonipat
रोहतक विजिलेंस की टीम ने पंचायती राज विभाग के जेई को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी कब्रिस्तान की मरम्मत के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था। आरोप है कि ठेका दिलवाने की बात कहकर आरोपी ने ठेकेदार के 65 हजार रुपये पहले ही लेबर के बिल में से काट लिए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की थी। विजिलेंस रोहतक के डीएसपी और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसको रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
पटेल नगर के समिद खान ने डीएसपी विजिलेंस नरसिंह अहलावत को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा कि उसका परिचित नवीन कुमार ठेकेदार है। उसकी कंस्ट्रक्शन फर्म है। उसने अप्रैल में गांव बख्तावरपुर के कब्रिस्तान की मरम्मत का ठेका लिया था। यह ठेका 4 लाख 47 हजार रुपये का था। पंचायत राज विभाग के जेई राहुल ने कहा था कि यह ठेका उसने अधिकारियों से मिलकर दिलवाया है। इसके बदले में 10 प्रतिशत राशि रिश्वत के रूप में देनी होगी। तब उन्होंने स्वीकार कर लिया था। पिछले दिनों लेबर खर्च के रुपयों में से राहुल ने 65 हजार रुपये काट लिए थे। अब निर्माण सामग्री के बिल पास करने के बदले वह 30 हजार रुपये और मांग रहा था। जिस पर उसने राहुल से 25 हजार में बिल पास करने का सौदा तय कर लिया। उसके बाद उसने विजिलेंस से शिकायत की। इस पर उपायुक्त के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र जोशी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया था। उनकी मौजूदगी में मंगलवार शाम को जेई को मुरथल में 20 हजार रुपये दिए गए। पैसे लेते ही विजिलेंस ने उसे दबोच लिया।
वर्जन
जेई राहुल के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। इस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका कोरोना टेस्ट कराने के साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- नरसिंह, डीएसपी, विजिलेंस रोहतक।