फोटो 40- सोनीपत के राठधना रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान। संवाद
सोनीपत। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इस वर्ष के शैक्षणिक सत्र में निर्धारित 1044 सीटों में से 306 रिक्त रह गई हैं। आईटीआई में नए शैक्षणिक सत्र में छात्राें को सात बार दाखिला लेने का मौका दिया था। लेकिन प्रबंधन सात प्रयास के बावजूद तय सीटों को नहीं भर पाया है।
प्रतिस्पर्धा के दौर में घटते रोजगार के अवसर के कारण इस वर्ष आईटीआई में छात्राें का दाखिले के प्रति रुझान घटा है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय की ओर से आईटीआई में रिक्त सीटों को भरने के लिए छात्रों को आखिरी बार 5 नवंबर तक ऑन द स्पॉट दाखिला लेने का अवसर प्रदान किया था ताकि छात्र आईटीआई में दाखिला लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
इसके बावजूद सोनीपत आईटीआई में विभिन्न ट्रेड की 306 सीटें रिक्त रह गई हैं जबकि 5 ट्रेड में दाखिले का खाता भी नहीं खुला है। इनमें ड्रेस बनाओ, भू सूचना सहायक, हरित हाइड्रोजन उत्पादन तकनीशियन, लिटो ऑफसेट मशीन माइंडर, मशीनिस्ट ग्राइंडर ड्यूल ट्रेड शामिल हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छात्रों के लिए आईटीआई में 31 ट्रेड में 1044 सीटें निर्धारित की गई थी, लेकिन दाखिले केवल 738 सीटों पर ही हो पाए हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इस वर्ष 306 सीटें रिक्त रह गई हैं। सात बार दाखिला का अवसर मिलने के बावजूद विद्यार्थियों ने आईटीआई मेें दाखिला लेने के लिए खास रूचि नहीं दिखाई है। संस्थान में नए शैक्षणिक सत्र में कुल 738 सीटों पर दाखिला हुआ है।
- विक्रम सिंह, प्रधानाचार्य, आईटीआई, सोनीपत