सोनीपत। सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों की अब खैर नहीं। सोनीपत पुलिस ने इसके खिलाफ विशेष अभियान की शुरुआत की है। अब कोई व्यक्ति रेहड़ी, फास्ट फूड स्टॉल, चिकन शॉप या शराब ठेके के बाहर सडक़ किनारे या अपनी गाड़ी में बैठकर शराब पीते हुए पकड़ा गया, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर की व्यस्त सेक्टर मार्केटों व अन्य प्रमुख बाजारों में पुलिस की विशेष टीमों ने शाम के समय से लेकर देर रात तक गश्त शुरू कर दी है। इस दौरान ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है जो सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हैं। पुलिस टीम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से बचें। ऐसा करना कानूनन दंडनीय अपराध है। इसमें जुर्माना, गिरफ्तारी और चालान जैसी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस का यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। इसमें किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।