सोनीपत। राजकीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को निपुण बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग ने ठोस कदम उठाया है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जिले के सभी खंडों में प्राथमिक शिक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यशालाएं 6 जनवरी से शुरू होंगी, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान में सुधार लाना है।बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के जिला समन्वयक मनोज वर्मा ने बताया कि निपुण हरियाणा मिशन के तहत सितंबर और दिसंबर माह में हिंदी व गणित विषयों में सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट कराया गया था।
इसके परिणामों के आधार पर अब विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है। इसी क्रम में प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर शिक्षण पद्धति को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यशालाओं में परियोजना, स्मार्ट स्क्रीन और रिकॉर्डिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी शिक्षकों से जुड़ेंगे। कार्यशाला का समय सुबह 9:30 से सायं 4:30 बजे तक रहेगा और सभी शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
साथ ही निपुण हरियाणा एप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी भी दर्ज की जाएगी। कार्यशाला में भाग लेने वाले शिक्षकों को अपनी टैबलेट तथा कक्षा पहली से तीसरी तक की पाठ्यक्रम पुस्तकों के साथ उपस्थित होना होगा ताकि प्रशिक्षण को व्यवहारिक और पाठ्यक्रम आधारित बनाया जा सके।
दोनों दिन का प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जिनकी जांच विद्यालय प्रबंधन द्वारा की जाएगी। इन कार्यशालाओं का निरीक्षण एससीईआरटी के अधिकारियों के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी और एफएलएन के जिला समन्वयक करेंगे।
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की सहभागिता, प्रशिक्षण सामग्री और मूल्यांकन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा इसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रचना बाना ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाना ही नहीं बल्कि शिक्षकों की शिक्षण क्षमता और कार्यशैली को भी अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि प्राथमिक शिक्षा की नींव मजबूत हो सके।