फोटो :27: सोनीपत के गन्नौर में साध्वी समाहिता मुख्य अतिथि राजीव जैन व देवेंद्र कौशिक को स्मृति
गन्नौर। श्रीशिव मंदिर सनातन धर्म सभा गन्नौर की ओर से आयोजित संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन कथावाचक साध्वी समाहिता ने गोपी-कृष्ण रास लीला का भावपूर्ण और मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने कहा कि रास लीला आत्मा और परमात्मा के पावन मिलन का प्रतीक है, जिसमें प्रेम, भक्ति और समर्पण की पराकाष्ठा दिखाई देती है।
छठे दिन के कार्यक्रम में भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक और सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्रीशिव मंदिर सनातन धर्म सभा के प्रधान एवं नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर साध्वी समाहिता ने अतिथियों को आशीर्वाद स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट किए।
कथा में श्रीकृष्ण के मथुरा गमन का प्रसंग सुनाते हुए साध्वी समाहिता ने कंस वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। वहीं श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह का वर्णन करते हुए बताया कि यह विवाह सच्चे प्रेम, साहस और नारी सम्मान का प्रतीक है। संगीतमय भजनों और कीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।