सोनीपत। भारतीय पैरालंपिक तीरंदाजी टीम विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए चेक गणराज्य में नोवे मेस्टो नाड मेटुजी शहर के लिए रवाना हो गई है। प्रतियोगिता के लिए टीम ने भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र सोनीपत में 8 अगस्त से 22 अगस्त तक विशेष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में भाग लिया।
साई के क्षेत्रीय निदेशक शिवम शर्मा ने बताया कि टीम ने शिविर में बेहतरीन तैयारी की है। पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी चेक गणराज्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराएंगे।
भारतीय पैरालंपिक तीरंदाजी टीम पूरी तैयारी और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन करने के लिए उतरेगी। शिविर के दौरान खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने खेल कौशल को निखारा है।
भारतीय पैरालंपिक तीरंदाजी टीम में कुल 28 सदस्य शामिल हैं, जिनमें खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ सम्मिलित हैं। इसमें रिकर्व पुरुष टीम में तीन, रिकर्व महिला टीम में दो, कंपाउंड पुरुष व महिला टीम में तीन-तीन व व्हीलचेयर पुरुष टीम में तीन सदस्य हैं। टीम के साथ 14 अधिकारी और सहयोगी स्टाफ भी रवाना हुए हैं।
खिलाड़ियों को रवाना होने से पहले द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित चीफ कोच सत्यदेव, पद्मश्री और गोल्ड मेडलिस्ट हरविंदर, ओलंपिक पदक विजेता शीतल तथा अशिम कुंडू ने प्रेरित किया।